कायमगंज के रुटौल स्थित खंड कार्यालय में अधिशासी अभियंता से बात करते विद्युत कर्मी।
- फोटो : FARRUKHABAD
चालान काटने का विरोध, बैठे धरने पर
कायमगंज। बाइक का पुलिस द्वारा बार-बार चालान काटे जाने के विरोध में शनिवार को विद्युत संविदा कर्मियों ने हड़ताल कर खंड कार्यालय में धरने पर बैठ गए। इस दौरान 3 घंटे तक फाल्ट से बिजली आपूर्ति बाधित रही। अधिशासी अभियंता के आश्वासन पर कर्मचारी मान गए।
नगर व आसपास इलाके में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए दिन व रात में संविदा लाइन मैन घूमते रहते हैं। फाल्ट होने पर कभी कभी एक बाइक पर तीन-तीन कर्मचारी भी बैठ जाते हैं। ऐसे में चेकिंग के दौरान पुलिस उनका ई-चालान काट देती है। शुक्रवार की रात सीपी तिराहे पर एक लाइनमैन का चालान काटने पर अन्य लाइनमैन भी वहां पहुंच गए थे।
पुलिस ने नियमों का पाठ पढ़ाया। इस पर शनिवार को बिजली कर्मचारी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदिल खां के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक लाइनमैन व अन्य कर्मचारी खंड कार्यालय रुटौल परिसर में दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। तभी फीडर की वीसीबी में चूहा घुसने से फाल्ट हो गया। करीब 3 घंटे तक लाइनमैन धरने पर बैठे रहे।
इसके बाद अधिशासी अभियंता एसके अग्रवाल को कर्मचारियों ने ज्ञापन दिया। उनके आश्वासन पर सभी लाइनमैन मान गए और फाल्ट को दुरुस्त कर सप्लाई चालू की गई। अधिशासी अभियंता एसके अग्रवाल ने बताया संविदा कर्मियों की समस्या के लिए एसपी को पत्र भेजा गया है। साथ ही कर्मचारियों से भी कहा गया है कि वे भी नियमों का पालन करने में पुलिस का सहयोग करें।