शमसाबाद। शारीरिक उत्पीड़न की शिकायत पर पिता के हिरासत में होते ही परिजनों ने समझौते का झांसा देकर पिता को छुड़वा लिया। बाद में उन्होंने समझौते से इनकार कर दिया। इस पर किशोरी ने दोबारा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने दंपति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। मुकदमे में युवक पर बलात्कार और उसके परिजनों के खिलाफ दूसरी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बुधवार को एक गांव निवासी युवती ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया था कि गांव लहरा निवासी विक्की ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। 22 नवंबर शादी की सूचना पर युवती ने शिकायत की तो पुलिस ने युवक के पिता हिरासत में ले लिया था। पिता के हिरासत में लिए जाते ही परिजन थाने आकर युवती के परिजनों से समझौता करने को राजी हो गए। समझौते की बात पर पुलिस ने युवक के पिता को छोड़ दिया।
गुरुवार को युवक के परिजनों ने समझौते से इनकार कर दिया। इस पर युवती ने फिर थाने आकर तहरीर दी। युवती की तहरीर पर पुलिस ने युवक विक्की के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और उसके पिता जगदीश, विनीता पत्नी जगदीश, सुषमा पत्नी आशुतोष और बहादुर के खिलाफ आईपीसी की धारा 147 व 504 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसओ कुलदीप दीक्षित ने बताया कि युवक के परिजन समझौते को तैयार हो गए थे। युवक और युवती के परिजनों में समझौता होने की बात पर पिता को छोड़ दिया गया था। अब युवती की तहरीर पर जगदीश समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।