अधिमास के चलते 19 साल बाद विशेष संयोग बन रहा है कि सावन माह में 30 दिन पड़ेंगे। इसलिए इस बार सावन के पहले सोमवार का व्रत विशेष फलदायी होगा। सावन के पहले सोमवार को लेकर शहर के शिवालयों में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रेलवे रोड स्थित पांडेश्वरनाथ मंदिर में रविवार को सावन के पहले सोमवार के लिए चल रहीं तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इसी तरह घुमना स्थित श्री कोतवालेश्वर मंदिर में भी तैयारियां पूरी कर ली गईं। सावन के सोमवार पर सबसे ज्यादा भीड़ पांडेश्वरनाथ मंदिर में ही होती है। इसलिए यहां बैरीकेडिंग की भी व्यवस्था की जाएगी। पुजारी गोपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस बल की मांग की गई है। सावन के पहले सोमवार का व्रत बेहद फलदायी होता है। हर मनोकामना पूर्ण होती है।
उन्होंने बताया कि इस बार 28 जुलाई से सावन माह शुरू हुआ और 26 अगस्त को सावन समाप्त हो जाएंगे। सावन के पहले सोमवार को सुबह 4.30 बजे मंदिर के कपाट खुल जाएंगे और सुबह पांच बजे मंगला आरती और रात 11.30 बजे शयन आरती होगी।
आचार्य योगीराज दबे का कहना है कि 30 दिन का सावन माह का संयोग करीब दो दशक बाद बन रहा है। इसलिए इस बार सावन माह के पहले सोमवार का व्रत विशेष फलदायी होगा। इस बार सावन में चार सोमवार पड़ेंगे। 11 अगस्त को हरियाली अमावस्या पड़ेगी।