अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार किया
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की कोर्ट का बहिष्कार कर अधिवक्ताओं ने मंगलवार को निगरानी के लिए भ्रमण किया। कलक्ट्रेट में काफी पुलिस बल तैनात रहा। अधिवक्ताओं ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों की कोर्ट में जाकर साथियों को काम करने से रोका।
जिलाधिकारी के खिलाफ शुरू हुए आंदोलन में जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने डीएम व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की अदालतों का कार्य बहिष्कार कर रखा है। मंगलवार को महासचिव संजीव पारिया के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंच कर डीएम, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम व चकबंदी न्यायालयों का भ्रमण किया। इन अदालतों में काम नहीं होने दिया। कलक्ट्रेट परिसर में काफी पुलिस बल सुबह से तैनात रहा।
आंदोलन समाप्त करने की उठाई मांग
जिलाधिकारी के खिलाफ शुरू हुए आंदोलन का कुछ अधिवक्ताओं ने विरोध कर दिया है। इसे समाप्त करने के लिए बार अध्यक्ष को ज्ञापन दिया है। इसमें कहा कि जो अधिवक्ता अवैध कार्य में लिप्त रहते हैं उनके खिलाफ आम नागरिक की तरह कार्रवाई होना अनुचित नहीं है।
डीएम नियमों के विरुद्घ कोई आदेश पारित करते हैं तो अधिवक्ता उसके विरुद्ध उच्च अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए स्वतंत्र हैं। अधिवक्ताओं ने अध्यक्ष से आंदोलन को समाप्त कराने और बार एसोसिएशन का चुनाव कराने की मांग की है। इस दौरान दिनेश पाल सिंह, राजीव कुमार बाजपेई, शिव पाल सिंह राजपूत, शैलेंद्र सिंह, नरेश सिंह यादव समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।