आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सभी विभागों के कार्य उनसे कराए जाने के विरोध में बढ़पुर ब्लाक के बाहर जाम लगा दिया। कार्यकत्रियों ने प्रशासन के ढुलमुल रवैये का विरोध किया।
शुक्रवार को हौसला योजना का प्रशिक्षण लेने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और प्रधानों को बढ़पुर ब्लाक के सभागार में बुलाया गया था। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कहा कि बीएलओ ड्यूटी, जनगणना, पल्स पोलियो, बाल गणना, गर्भवती महिलाओं के सर्वे के अलावा अन्य कार्य उन्हीं से करवाए जा रहे हैं। एक ही समय में इतने कार्यों को करने में दिक्कत हो रही है।
योजना का सर्वे न होने पर उसके प्रभारी अधिकारी कार्यवाई करने पर अमादा हो जाते हैं। आंगनबाड़ियों को अल्प मानदेय का ही भुगतान किया जा रहा है, जबकि उनसे हर विभाग का कार्य करवाया जा रहा है। कार्यकत्रियों ने अधिकांश ड्यूटी करने का विरोध किया। विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्यकत्रियां सड़क पर उतर आई और रोड जाम कर दिया।
जाम लगने से सड़क के दोनाें ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। कुछ देर बाद आवास विकास चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इस मौके पर अनीता, भारती सिंह, नीता, सुधा, किरन, मिथलेश, उर्मिला, मीना, शिवकांती, विनीता, रानी, सिया देवी, आशा, सरस्वती, पूनम, शकुंतला, शोभा, राजदुलारी और राजकुमारी आदि मौजूद रहीं।