कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते कोरोना नोडल अधिकारी अपर श्रम आयुक्त।
- फोटो : FARRUKHABAD
अपर श्रम आयुक्त ने कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
ॅफर्रुखाबाद। सरकार द्वारा गरीबों को दी जा रही राहत की हकीकत जानने को नोडल अधिकारी अपर श्रम आयुक्त डेरा जमाए हैं। रविवार को उन्होंने कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इसके बाद अमृतपुर तहसील क्षेत्र में चल रहे सामुदायिक रसोईघरों की हकीकत देखी।
नोडल अधिकारी अपर श्रम आयुक्त फैसल आफताब सुबह कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम पहुंचे। उन्होंने कंट्रोल रूम प्रभारी अतिरिक्त एसडीएम सुनील कुमार यादव से आने वाली शिकायतों के निस्तारण के संबंध में जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में 124 क्वारंटीन सेंटर चल रहे थे, जो अब बंद हो गए।
नौ सामुदायिक रसोईघरों में गरीबों को खाना खिलाया जा रहा है। उन्होंने शेल्टरहोम संचालन, क्वारंटीन से जाने वाले लोगों को राशन देने, संदिग्ध मरीजों के नमूने आदि संबंधी पूरा ब्योरा कंट्रोल रूम में रखने के निर्देश दिए। इसके बाद मिशन अस्पताल स्थित फैसिलिटी क्वारंटीन सेंटर में जाकर नमूनों की स्थिति देखी।
अमृतपुर तहसील, गांव कनकापुर, चित्रकूट स्थित रामनिवास महाविद्यालय में चल रहे क्वारंटीन सेंटर व सामुदायिक किचन का निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।