फर्रुखाबाद। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी ने तेज आवाज में लाउडस्पीकर बनाने पर रोक लगा दी है। छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए डीएम ने सख्ती कर दी है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम व सीओ को पत्र भेजकर नियमों का पालन कराने के आदेश दिए हैं।
त्योहारी सीजन व सहालग शुरू होने से बैंडबाजे की आवाज तेज हो गई है। दूसरी ओर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट छात्रों की सीबीएसई बोर्ड की 15 फरवरी से और यूपी बोर्ड की 27 फरवरी से परीक्षा शुरू हो रही है। वहीं, बैंडबाजे की धुन और लाउडस्पीकर पर तेज आवाज में बज रहे संगीत से छात्रों की पढ़ाई में बाधा पड़ रही है। छात्राें के भविष्य को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने पर पाबंदी लगा दी है। उच्च न्यायालय से रात 10 रात बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर बजाने पर पहले से रोक है।