शहर के पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पेट्रोल डलवाता चालक
- फोटो : शहर के पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पेट्रोल डलवाता चालक
फर्रुखाबाद। बिना हेलमेट लगाए पंप से पेट्रोल लेते पाए गए तो चालान किया जाएगा। इसके लिए गुरुवार से पेट्रोल पंपों पर जिलापूर्ति अधिकारी, एआरटीओ व सीओ सिटी के नेतृत्व में छापामारी अभियान चलाया जाएगा। जो चालक हेलमेट लगाए बिना पेट्रोल ले रहा होगा, उसे चिह्नित कर चालान किया जाएगा।
शासन ने आदेश दिए थे कि 26 जनवरी से पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पहने चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। इसके लिए पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट नो फ्यूल के बैनर भी लगवाए गए थे, लेकिन अधिकतर पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पहनकर आने वाले लोगों को पेट्रोल दिया जा रहा है। शासन के आदेश का कड़ाई से पालन करवाए जाने के लिए पुलिस, एआरटीओ व जिलापूर्ति विभाग ने छापामारी अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया है।
जिलापूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि एआरटीओ ब्रजेंद्र नाथ चौधरी, एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत व क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलेगा। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि बिना हेलमेट लगाकर पेट्रोल लेने वाले चार चालकों के चालान गुरुवार को किए गए। छापेमारी अभियान के दौरान चालकों पर कार्रवाई की जाएगी।