अमृतपुर। कसबा में एक ग्रामीण के घर दो जमातियों के आने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसके घर को घेर लिया। ग्रामीण और उसके घर आए दो लोगों से पूछताछ की, तब पता चला कि जो लोग आए है, वह जमाती नहीं, रिश्तेदार हैं। पुलिस ने दोनों रिश्तेदार को अपने घर जाने की हिदायत दी। इससे दोनों रिश्तेदार अपने-अपने घर चले गए।
कसबा अमृतपुर निवासी मोबीन के घर दो लोग आए थे। गांव के लोगों को दोनों लोग संदिग्ध लगे और जमाती होने की आशंका हुई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जमाती की सूचना पर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ मोबीन के घर का घेराव कर लिया।
मोबीन को बुलाकर उनके घर आए लोगों के संबंध में पूछताछ की। मोबीन ने बताया कि जिला शाहजहांपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र से उसके फूफा व एक अन्य रिश्तेदार आए हैं। वह जमाती नहीं है, किसी ने गलत सूचना दी। पुलिस ने पूछताछ के बाद मोबीन के रिश्तेदारों को अपने घर जाने की हिदायत दी। दोनों रिश्तेदार पुलिस के सामने अपने घरों को निकल गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि जमाती आने की गलत सूचना मिली थी। मोबीन के घर उसके दो रिश्तेदार आए थे। वह अपने-अपने घर चले गए।