फर्रुखाबाद। सफाई कर्मी के आत्मदाह के प्रयास का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग में एक और विवाद खड़ा हो गया।
एसीएमओ डॉ. सर्वेश यादव ने सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार पर फोन पर अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाया है। एसीएमओ का कहना है कि इस माहौल में वह नौकरी छोड़ देंगे।
एसीएमओ का आरोप है कि सीएमओ ने कोविड कर्मियों की 38 स्टाफ नर्सों की चयन फाइल के बारे में पूछताछ की थी, इसी दौरान उन्होंने अपशब्द कहे और धमकी दी। इससे वह भयभीत हैं।
उधर, कर्मचारियों का कहना है कि इससे पहले भी सीएमओ पर आउटसोर्स कर्मियों ने गाली गलौज और अपमान के आरोप लगाए थे। उसी प्रकरण में एक कर्मी ने कार्यालय के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया था। अब नए विवाद से विभाग में फिर हड़कंप मच गया है। हालांकि सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने आरोपों से इन्कार किया है।
उन्होंने कहा कि स्टाफ नर्सों के मानदेय भुगतान से जुड़ी फाइल मांगी थी, उन्होंने किसी से अभद्रता नहीं की। एसीएमओ यदि नाराज हैं तो उन्हें मना लिया जाएगा।