एसिड अटैक पीड़िता ने मांगा आवास
ायमगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में एसिड अटैक पीड़िता ने डीएम से आवास के लिए गुहार लगाई। एक अन्य ग्रामीण ने आवास दिलाने का झांसा देकर 40 हजार रुपये ठगने की शिकायत की। 173 शिकायतों में 20 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
गांव कुबेरपुर निवासी फरहा खान ने जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि 11 फरवरी 2011 को पति ने एसिड फेंक दिया था। एसिड पड़ने से एक आंख की रोशनी चली गई थी और दूसरी आंख से 20 प्रतिशत ही दिखाई देता है। लाखों रुपये सर्जरी में खर्च हो गए। जर्जर घर बारिश में टपकता है। दस साल में कई बार प्रार्थनापत्र दिए लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
फरहा लखनऊ में छांव फाउंडेशन संस्था के जरिए एसिड अटैक पीड़िताओं के लिए काम कर रही हैं। जिलाधिकारी ने उन्हें मदद का भरोसा दिया है। गांव अताईपुर जदीद के संजय कुमार ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि आवास दिलाने के नाम से 40 हजार रुपये लिए गए थे। आवास मिला नहीं अब रुपये भी नहीं लौटाए जा रहे हैं।
तहसील के बैनामा लेखकों ने हस्तलिखित बैनामा कराने की मांग और शमसाबाद ब्लाक के गांव बघौना निवासी कमल सिंह ने कहा कि करीब 100 वोट गलत तरीके से बनाने की शिकायत की।
गांव अहमदगंज निवासी कमलेश चतुर्वेदी ने कहा एक शिक्षा माफिया ने शमसाबाद, मऊ रशीदाबाद और कंपिल में चार मदरसे खोल रखे हैं। इनमें न ही बच्चे ही नहीं हैं। शिक्षकों का वेतन सरकार से लिया जा रहा है।
ग्राम मदारपुर के ग्रामीणों ने कहा गांव के प्राथमिक विद्यालय में लोकसभा चुनाव में तो मतदान केंद्र बनाया जाता है, मगर ग्राम पंचायत के चुनाव में गांव ढमडेरा के विद्यालय में चार किमी दूर वोट डालने जाना पड़ता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सबसे ज्यादा आवास संबंधी शिकायतें आ रही हैं। निस्तारण रिपोर्ट से फरियादी संतुष्ट होने चाहिए, आवास क्यों नहीं मिल रहा, इसकी वजह फोन पर बताना जरूरी है। तभी शिकायतें आना बंद होंगी। 173 प्रार्थनापत्रों में 20 का निस्तारण हो सका। एएसपी अजय प्रताप सिंह, एसडीएम नरेंद्र कुमार, सीओ राजवीर सिंह गौर, डीडीओ डीडी शुक्ला, एक्सईएन विद्युत एसके अग्रवाल, एसडीओ दिलीप कुमार, तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
एसडीएम ने बनाई पार्किंग की व्यवस्था
कायमगंज। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाले समाधान दिवस में फरियादी ज्यादा आने से तहसील रोड पर जाम लग जाता था। इस बार एसडीएम नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों के वाहन तहसील के सामने राम सिंह इंटर कालेज में खड़े कराए। फरियादियों के वाहनों की पार्किंग तहसील के पीछे मोहल्ला चिलौली में मैदान में कराई गई। पुल गालिब तिराहे पर बैरियर लगाकर वाहनों का प्रवेश बंद किया गया।