शहर कोतवाली के मोहल्ला नितगंजा स्थित कैप्टन आर्म्स स्टोर के मालिक ने कुछ
साल पहले दुकान में खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में
अफसरों के निर्देश पर दुकान को सील कर दिया गया था। जांच पड़ताल करने पर
पुलिस ने दुकान से कई लाइसेंसी असलहे गायब होने की बात सामने आई थी। इस पर
सदर तहसीलदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिला शाहजहांपुर थाना अल्हागंज के
गांव अदोई निवासी आदित्य शुक्ला दुकान पर नौकरी करता है। इसको पुलिस ने 1
मार्च को हिरासत में ले रखा था।
कर्मचारी से घटना को लेकर पुलिस पूछताछ कर
रही थी। गुरुवार की सुबह आदित्य ने शौच करने की बात कही। मुंशी सूरजपाल
सिंह ने सुबह पुलिस कर्मियों के साथ उसे शौच करने के लिए भेजा। शौच को
जाते समय आदित्य ने पुलिस कर्मियों को धक्का दिया और दीवार फांद कर
खतराना मोहल्ले की ओर से फरार हो गया। इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने
गुपचुप तरीके से वाहन चेकिंग करना शुरू कर दिया लेकिन पुलिस को कोई सफलता
नहीं मिली। पुलिस इस घटना को कई घंटो तक दबाए रखी रही।
आखिर में अफसरों के
निर्देश पर मुंशी सूरजपाल सिंह ने आदित्य शुक्ला के खिलाफ कोतवाली से भाग
जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। मालूम हो कि आदित्य शुक्ला ने पुलिस को कई
महत्वपूर्ण जानकारियां दी थी। लेकिन उसके भागने से पुलिस की कार गुजरी पर
सवालिया निशान लग गए हैं। उधर, एसपी विजय यादव ने बताया कि इस मामले की
जांच सीओ सिटी वाईपी सिंह को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद लापरवाही
करने वालों के खिलाफ सख्त कराई की जाएगी।