कंपिल। जमीन के विवाद में घर में घुसकर दबंगों ने पुत्र की जगह पिता पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। मामले की शिकायत करने गए चौकी इंचार्ज ने पीड़ित को ही हवालात में बंद कर दिया। पीड़ित ने ये भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके साथ मारपीट भी की।
क्षेत्र के गांव कमरुद्दीन नगर निवासी प्रवेश ने आरोप लगाया कि जमीन पर गांव के ही दबंगों ने कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर सात दिसंबर को दबंगों ने घर में घुसकर प्रवेश के पिता रामपाल को हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित प्रवेश ने मामले की शिकायत चौकी पुलिस से की। इस पर चौकी इंचार्ज ने उसको चौकी बुलाकर हवालात में बंद कर दिया और पीटा।
पीड़ित ने पुलिस पर जबरन जमीन कब्जा करवाने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित ने घर की दीवार पर एक पोस्टर चस्पा किया है। इसमें सुनवाई न होने पर जान देने की बात लिखी है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। चौकी इंचार्ज कपिल कुमार कुशवाहा ने बताया मामला जमीन से संबंधित है। दोनों पक्षों से शांतिभंग की कार्रवाई की गयी है। पुलिस की ओर से की गई मारपीट का आरोप गलत है।
-
सीओ कायमगंज जय सिंह परिहार ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है ।वह मामले की जानकारी कर जांच करवाएंगे। पीड़ित को हरसंभव सहायता दी जाएगी।