फर्रुखाबाद। चेक बाउंस के मामले में परिवादी के साक्ष्य प्रस्तुत न करने पर न्यायालय ने आरोपी को दोषमुक्त कर दिया। अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/जेएम-द्वितीय गुलफ्शा ने सुनवाई के बाद साक्ष्य के अभाव में यह फैसला सुनाया।
शहर के मोहल्ला बढ़पुर निवासी मान सिंह सगर ने आदित्य प्रताप त्रिपाठी के खिलाफ चेक बाउंस के मामले में परिवाद दर्ज कराया था। आरोप था कि आदित्य ने अपने प्लाट की नींव भरवाने के लिए उनसे 26 जनवरी 2020 को 1.20 लाख रुपये उधार लिए थे। 15 से 20 दिन में रकम लौटाने का भरोसा दिया था। रुपये वापस मांगने पर 15 फरवरी को 1.20 लाख रुपये का चेक दिया। परिवादी ने पांच मई 2020 को चेक बैंक में लगाया तो पर्याप्त धनराशि न होने के कारण छह मई को चेक बाउंस हो गया। इसके बाद विधिक नोटिस भेजने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
आरोपी के न्यायालय में उपस्थित होने के बाद विचारण शुरू हुआ। परिवादी को अपना पक्ष साबित करने के लिए कई अवसर दिए गए, लेकिन उसने कोई गवाह पेश नहीं किया। बचाव पक्ष ने भी अपने तर्क रखे। न्यायालय ने माना कि पत्रावली पर ऐसा कोई साक्ष्य नहीं है, जिससे आरोप साबित हो सके।