मोहम्मदाबाद। सरिया फैक्टरी के मुनीम के तमंचा लगाकर बाइक सवार तीन बदमाशों ने इटावा-बरेली हाईवे स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास तीस लाख रुपये से भरा बैग मंगलवार दोपहर को लूट लिया था। पूरा पुलिस महकमा इसे दबाने में जुट गया था। एसपी ने दस लाख रुपये हड़पने के लिए चालक व मुनीम को ही षड्यंत्र में शामिल होने की जानकारी दी थी। अब केवल चालक के ही शामिल होने की बात बताई है। पुलिस ने चालक व उसके गांव के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनका एक साथी पकड़ से दूर है।
जनपद मथुरा के वृंदावन के गांव सुनरख निवासी संदीप गौतम फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित जीएबी स्टील प्राइवेट लिमिटेड नौसारा में मुनीम है। मंगलवार वह कार से फर्रुखाबाद सरिया के रुपये वसूल करने आया था। उसकी कार मैनपुरी के थाना घिरोर के गांव कल्होर निवासी शिव कुमार चला रहा था। दोनों शहर से अलग-अलग स्थानों से करीब 30 लाख रुपये वसूल कर लेकर जा रहे थे। इटावा-बरेली हाईवे पर मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में खाटू श्याम मंदिर के पास चालक ने कार खराब होने का बहाना कर रोक दी थी। इस दौरान एक बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और मुनीम के तमंचा लगाने के बाद 30 लाख रुपये रखा बैग लूट कर भाग गए थे।
पुलिस ने मौके पर छानबीन शुरू की। किसी को लूट की भनक न लगे, इसके लिए पुलिस दोनों को कोतवाली में कमरा बंद कर पूछताछ करने में जुट गई। इसके बाद पूरा महकमा लूट की घटना को दबाने में लग गया। रात को पुलिस ने मथुरा के वृंदावन निवासी नवीन कुमार अग्रवाल की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने रात को पूछताछ के बाद मैनपुरी के गांव कल्होर निवासी विशाल उर्फ सीटू व उमेश उर्फ ततैया को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली, जबकि उनके गांव का ही साथी कुंवर बहादुर उर्फ सोनू पकड़ में नहीं आया है। जबकि सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने उसे भी दबोच लिया है। उसकी गिरफ्तारी बाद में दिखाने की योजना है।
एसपी आरती सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लगा था कि लूट में मुनीम भी शामिल है। बाद में हुई जांच में स्पष्ट हुआ कि चालक शिवकुमार ने ही लूट की योजना अपने गांव के ही तीनों युवकों के साथ बनाई थी। इसके चलते शिवकुमार व उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया है।