जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटना में दो महिलाओं सहित चार
लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती
कराया गया जबकि मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मोहम्मदाबाद में
हुई दुर्घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हाईवे जाम
कर दिया। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में एसडीएम
के आश्वासन पर डेढ़ घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।
ट्रक ने दो महिलाओं को कुचला
बरेली-इटावा
हाइवे पर मौरंग लदे ट्रक से कुचलकर बाइक सवार दो महिलाओं की घटनास्थल पर
ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक चालक किशोर चुटहिल हो गया। हादसे
को देख घायल किशोर बाइक छोड़ और ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग गए। ट्रक
चालक ने पुलिस के पास जाकर समर्पण कर दिया।
पुलिस ने ट्रक सहित चालक
को हिरासत में ले लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने बरेली-इटावा हाईवे पर जाम
लगा दिया। इसके बाद जमकर हंगामा भी किया। उप जिलाधिकारी सदर के आश्वासन पर
डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव
रैसेपुर निवासी चंपा देवी (32) पत्नी जगतार सिंह वर्मा और अनीता देवी (35)
पत्नी रामकिशन राठौर गांव के ही अनिल कुमार (15) पुत्र विशुनदयाल के साथ
बाइक से खिमसेपुर आधारकार्ड की फोटोकापी कराने जा रही थीं। सुबह करीब 10
बजे जब यह लोग नदसा पुलिया के पास से गुजर रहे थे, तभी बेवर जा रहे मौरंग
भरे ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। इससे अनिल सड़क किनारे गिरकर
चुटहिल हो गया, जबकि चंपा देवी और अनीता देवी ट्रक के पहियों के नीचे आ
गईं
और ट्रक इन लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे को देख चुटहिल अनिल और
ट्रक चालक मौके से भाग गए। जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन, ग्रामीण व
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। इधर, ट्रक चालक ने मदनपुर चौकी में जाकर
समर्पण कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और चालक अवनीश कुमार
निवासी किल्ली सुल्तानपुर थाना बसेहर जिला इटावा को हिरासत में लेकर
कोतवाली पहुंची। हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह 10.30
बजे
बरेली-इटावा हाईवे पर जाम लगा दिया। कोतवाली पुलिस ने जाम खुलवाने का
प्रयास किया तो ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। हंगामा की जानकारी मिलने पर
उप जिलाधिकारी सदर सुनील वर्मा के अलावा नवाबगंज और जहानगंज का फोर्स भी
घटनास्थल पर पहुंच गया। एसडीएम सदर सुनील वर्मा ने मृतक के परिजनों को
मुआवजा दिलवाने और ट्रक चालक के
खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन
दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। अनिल के पिता विशुनदयाल ने ट्रक के
अज्ञात चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। एसआई दिनेश कुमार ने पंचनामा
भर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अनिल की बाइक भी कब्जे
में ले ली।
राहगीरों से की अभद्रता
महिलाओं की मौत के बाद
गुस्साए ग्रामीणों ने बरेली-इटावा हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान नगला
मिड़ई के इंद्रजीत अपनी मां ब्रजरानी को बाइक से दवा दिलाने फतेहगढ़ जा रहे
थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इन्होंने निकलने का प्रयास किया तो जाम
लगाए लोगों ने इनके साथ अभद्रता कर दी। पुलिस ने जैसे-तैसे इंद्रजीत को
निकाला। वहीं बज्र वाहन से फतेहगढ़
जिला जेल में बंद बंदी को
मैनपुरी कचहरी में तारीख के लिए ले जाया जा रहा था। यह वाहन भी जाम में फंस
गया। सिपाही बज्र वाहन से उतारकर बंदी को लेकर दूसरी तरफ जाने लगे। इस पर
ग्रामीणों ने उनके साथ अभद्रता कर दी। जैसे-तैसे सिपाही बंदी को निकालकर
दूसरी तरफ ले गए और इसके बाद उसे प्राइवेट वाहन से मैनपुरी कचहरी रवाना
हुए।
हादसों में बच्ची समेत तीन की मौत, सात घायल
सवारियां
लेकर जा रहे टेंपों की ट्रक से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में टेंपो पर बैठी
एक बच्ची की मौत हो गई और टेंपो चालक समेत चार घायल हो गए। एक अन्य जगह
बेकाबू हुआ टेंपो पलट गया। इसमें टेंपो चालक की मौत हो गई और तीन सवारी
घायल हो गईं। सभी घायलों को लोहिया में भर्ती किया गया है। एक अन्य हादसे
में अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।
जिला हरदोई थाना मझला के गांव चठिया निवासी शमीर खां दिल्ली में मजदूरी करता है। वह परिवार के साथ दिल्ली में
रहता
है। वह अपनी पत्नी रेशमा, बेटी शानम (5) के अलावा परिवारी नसीम और उसकी
बेटी रुबी पत्नी अशफक के साथ रविवार को दिल्ली से बस से फर्रुखाबाद आए थे।
यहां जैसे ही बस रुकी रेशमा को प्रसव हो गया। यह देखकर बस में मौजूद
चालक-परिचालक ने गाड़ी को एक ओर खड़ा कर दिया। परिवार के लोगों ने रेशमा और
उसके बच्चे की देखभाल कर बस से उतार लिया। इसके बाद शमीर ने फतेहगढ़ के
मोहल्ला हाथीखाना निवासी टेंपो चालक रामू का टेंपो रुकवाया और सभी
उसमें
सवार हो गए। जब टेंपो राजेपुर के गांव महमदपुर गढ़िया के पास से गुजर रहा
था तभी सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। इसमें चालक समेत सभी यात्री
घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची समाजवादी एंबुलेंस से घायलों को
लोहिया अस्पताल लाया गया। डाक्टर ने शानम को मृत घोषित कर दिया। अन्य
घायलों को भर्ती कर लिया गया। कुछ समय बाद जच्चा-बच्चा को महिला अस्पताल
में भर्ती कराया गया। शमीर ने बताया कि उसके दो बेटियां थी।
दूसरे
हादसे में जिला रामपुर के रहने वाले फहीम, मोहम्मद अशलम, विकार अली शहर के
अमेठी जदीद में रह कर फेरी का काम करते है। रविवार की देर शाम यह लोग अपना
सामान टेंपो से शमसाबाद ले जा रहे थे। थाना मऊदरवाजा के दीवानमुबारिक
निवासी जमीर टेंपो चला रहा था। फैजबाग के पास से गुजरते समय टेंपो पलट गया।
इस हादसे में चालक
जमीर की मौत हो गई जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों को लोहिया अस्पताल में लाकर इलाज कराया गया। जबकि जमीर का शव उसके
परिजन ले गए। उधर, वहीं जिला मैनपुरी थाना बेवर के गांव कल्यानपुर मुड़ई
निवासी सूबेदार सिंह अपने बेटे राकेश के साथ बाइक से थाना नवाबगंज के गांव
ठिरुइया में दामाद के यहां जा रहा था। जब वह लोग
सिरौली गांव के
पास से गुजर रहे थे। उसी समय सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर सूबेदार
घायल हो गया। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से कानपुर रेफर
कर दिया गया लेकिन कानपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।