फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली के गांव याकूतगंज निवासी पिंटू (32) की पत्नी गीता सोमवार सुबह नौ बजे घर में बंधे तार पर कपड़े सुखाने गई थीं। गीले कपड़े डालते ही वे करंट से चिपक गईं। चीख सुनकर पिंटू पत्नी को बचाने पहुंचे। उन्होंने एक हाथ से तार तोड़ने की कोशिश की, दूसरे से पत्नी को हटाया। मगर वह भी चिपक गए।
पास में ही मौजूद पिंटू के पिता रक्षपाल (55) ने छुड़ाने का प्रयास किया, तो वे भी चिपक गए। बेटी खुशी भी पिता पिंटू को बचाने पहुंची तो वह भी चिपक गई। कुछ ही देर में पिता रक्षपाल, पिंटू की पत्नी गीता और बेटी खुशी (8) दूर जा गिरी, मगर पिंटू तार में ही चिपका रहा। मोहल्ले के लोग पहुंचे और उसे छुड़ाया।
गंभीर हालत में पिता-पुत्र को लोहिया अस्पताल लाया गया। वहां डाक्टर ने पिंटू को मृत घोषित कर दिया। पिता रक्षपाल को भर्ती कर लिया गया है। पिंटू के दो पुत्री खुशी (8), सौम्या (6) और चार साल का पुत्र प्रांशु है। गीता की बहन के पुत्र गांव नगला पजाबा निवासी परीक्षित सक्सेना ने कोतवाली में तहरीर देकर घटना की सूचना दी है।
परिवार के ही अश्वनी ने बताया कि रात में आंधी के वक्त केबिल टूटकर कपड़े सुखाने के तार में छू गई थी। उसी से करंट आने से घटना हो गई। पिंटू पापड़ी की ठेली लगाते थे। उसी से परिवार का भरण पोषण होता था। खुशी व गीता के भी हाथ झुलस गए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।