शमसाबाद। पिकअप की टक्कर से एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। इसमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर किया गया है। पुलिस ने पिकअप कब्जे में ली है।
थानाक्षेत्र के गांव दलेलगंज निवासी शिवम(16), शैलेंद्र(35), मनीराम(48), नीलेश(10), घनश्याम(8), रमन(15) शुक्रवार सुबह भूसा लेने के लिए खेत जा रहे थे। तभी रास्ते में सामने से आ रही भूसा लदी पिकअप अनियंत्रित हो गई और उन्हें टक्कर मारते हुए हाईटेंशन लाइन के पोल से जा टकराई। हादसे में सभी लोग घायल हो गए। पोल भी टूट गया। आवाज सुन ग्रामीण एकत्रित हो गए। उपकेंद्र में सूचना देकर बिजली बंद करवाई गई। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को सीएचसी ले गई।
जहां शिवम की गंभीर हालत में उसे आगरा रेफर किया गया। शिवम का पैर कट गया है। पिकअप पर सवार संजय व नितिन ने बताया कि कायमगंज से भूसा लेकर कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव लैनगांव ले जा रहे थे। पुलिस ने पिकअप को कब्जे मे लेकर दोनों भाइयों से भूसा किसी दूसरे वाहन से ले जाने के लिए कहा। बिजली विभाग के जेई राघव राम पांडे ने पिकअप के चालक के खिलाफ तहरीर दी है।