आलूपुर में चोरी के बाद पूछताछ करते एसआई। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
जहानगंज। गांव आलूपुर में शुक्रवार रात चार घरों में घुसे चोर दो लाख के जेवरात व पचास हजार की नकदी चुराकर चंपत हो गए। एक मकान में चोरी का प्रयास किया। लेकिन घर वाले जाग जाने पर चोर वहां से भाग निकले। शनिवार को चोरी की सूचना पर थाना पुलिस के अलावा स्वाट टीम जांच करने पहुंची। वहीं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश है।
थाना क्षेत्र के गांव आलूपुर निवासी मेजर पुत्र वेद प्रकाश के घर शुक्रवार रात पीछे की दीवार में नकब लगाकर चोर घुस गए। चोर उनके घर से दस हजार की नकदी व जेवरात चुरा ले गए। चोर गांव के ही लाखन के मकान में पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए। चोर लाखन के घर से चालीस हजार की नकदी और सोने चांदी के जेवरात चुरा ले गए। इनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है। चोर इसी मकान में रह रहे लाखन के भाई राम विलास के कमरे से भी सामान चुरा ले गए। चोरों ने हंसराम खटिक के बंद मकान का ताला तोड़ दिया। वहां कुछ पुराने पीतल के बर्तन ही रखे थे। चोर बर्तन व अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने अमर सिंह के घर में भी चोरी करने का प्रयास किया। अमर सिंह रात में गांव के बीमार ओमकार सिंह को देखकर घर वापस आ रहे थे। मकान के पास खटर पटर की आवाज सुनकर अमर सिंह ने परिवार के लोगों को आवाज लगाई। इस पर चोर वहां से भाग निकले। शनिवार सुबह लोगों को चोरी की जानकारी हुई। गांव में चार घरों में चोरी व एक में प्रयास की सूचना पर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। चोरी की सूचना पर स्वाट टीम प्रभारी दिनेश गौतम सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने आसपास के गांव में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों के बारे में जानकारी की और क्षेत्र में कहां घुमंतू डेरा डाले हैं इसकी जानकारी एसओ से मांगी।