फर्रुखाबाद। रात में हल्की बारिश के साथ आई आंधी से जिले की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। 33 हजार लाइनों पर पेड़ टूटकर गिरने से अमृतपुर, शमसाबाद और कमालगंज क्षेत्र की बिजली आपूर्ति 24 घंटे तक ठप रही। शहरी इलाकों के कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति फाल्ट आने के कारण रात भर ठप रही। मंगलवार को कुछ जगह दिन में आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।
सोमवार की रात में हल्की बरसात के साथ आंधी आई। इस आंधी में शहर से लेकर गांव तक कई जगह पेड़ टूटकर तारों पर गिरने से बिजली आपूर्ति व्यवस्था धड़ाम हो गई। अमृतपुर में दो विद्युत उपकेंद्र हैं। इन दोनों उपकेंद्रों के लिए ट्रांसमिशन से 33 हजार लाइन गई है। गांव मोहद्दीपुर के पास 33 हजार लाइन पर पेड़ टूट कर गिरने से तार टूट गए।
इससे दोनों उपकेंद्रों को होने वाली आपूर्ति बंद होने से पूरा अमृतपुर इलाका अंधेरे में डूब गया। तार ठीक न होने के कारण मंगलवार को दिन भर बिजली आपूर्ति ठप रही। गांव हीरा नगला में सीमेंट के दो पोल आंधी में टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शमसाबाद में बने विद्युत उपकेंद्र की 33 हजार लाइन पर गांव नरसिंहपुर के पास पेड़ टूट पर गिर पड़ा।
इससे शमसाबाद उपकेंद्र के तीनों फीडर बंद रहने से लगभग 90 गांवों की बिजली सप्लाई देर शाम तक ठप रही। कमालगंज में बने बिजली घर की 33 हजार लाइन पेड़ टूटकर गिरने से कई जगह से टूट गई। इस कारण सोमवार की रात से मंगलवार की शाम तक कसबा और गांवों की बिजली सप्लाई ठप रही।
शहरी क्षेत्र के फतेहगढ़ विद्युत उपकेंद्र के बेवर रोड फीडर की लाइन सातनपुर मंडी की ओर गई है। 11 हजार लाइन में फाल्ट आने के कारण सातनपुर मंडी की ओर की बिजली सप्लाई रात भर बंद रही। फाल्ट ठीक होने पर सुबह आपूर्ति शुरू हो सकी। कुटरा विद्युत उपकेंद्र का फीडर कुटरा और जसमई विद्युुत उपकेंद्र का सिटी फीडर तार टूटने के कारण रात भर ठप रहा।
देहात फीडर से बिजली सप्लाई मंगलवार की दोपहर शुरू हुई। भोलेपुर, लकूला व ठंडी सड़क उपकेंद्र आंधी-पानी के दौरान करीब एक से दो घंटे तक बंद रहे। अमृतपुर के जेई वेदप्रकाश, शमसाबाद के जेई एसके सिंह और कमालगंज के जेई विजय पाल यादव ने बताया कि फाल्टों को ठीक कराया जा रहा है। ठीक होते ही बिजली सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
सोमवार शाम को आई आंधी से जहां एक ओर मौसम खुशगवार हो गया। वहीं ऑफिसर्स क्लब व संकिसा रोड पर पेड़ झुकने से यातायात ठप रहा। तेज हवा के चलते शहर में चारों ओर धुंध ही धुंध फैल गई। आंधी से ऑफिसर्स क्लब में लगा यूकेलिप्टिस का पेड़ तेज आवाज के साथ मेन गेट पर गिर गया।
इससे क्लब का मुख्य द्वार क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ गिरने से क्लब के अंदर जाने का रास्ता बंद हो गया। कर्मचारी क्लब के पीछे टूटी बाउंड्री से कार्यालय पहुंचे। वहीं संकिसा रोड स्थित अर्जुनपुर लिंक मार्ग पर शीशम का पेड़ आंधी की चपेट में आकर बैरियर की तरह झुक गया। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को अपना वाहन सड़क के दूसरी ओर ले जाकर निकालना पड़ा। बताते चलें कि इस मार्ग पर संकिसा के बौद्ध स्तूप तक जाने के लिए विदेशी अनुयायियों की बसों का आवागमन रहता है।