कमालगंज। जिले के सबसे बड़े ब्लॉक में आधार कार्ड बनवाने व उसमें सुधार करवाने के लिए लोग परेशान हैं। नगर के पोस्ट ऑफिस में दो महीने से आधार नहीं बन रहे हैं।
नगर पंचायत सड़क स्थित पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड बनने व उसमें सुधार कराने के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं लेकिन दो माह से न तो नए आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं और न ही आधार कार्ड में सुधार का काम हो रहा है। इसके चलते लोगों को लौटना पड़ता है। नए आधार बनवाने के साथ ही बहुत से लोग मोबाइल नंबर बदलवाने, पता परिवर्तित कराने, नाम व जन्मतिथि परिवर्तन जैसे सुधार के लिए आते हैं। इसके साथ ही फोटो सुधार, फिंगर व आईरिस काम के लिए पहुंचते हैं। पोस्टमास्टर ऊषा गुप्ता ने बताया कि पहले अनुराग श्रीवास्तव आधार संबंधी काम देखते थे। लेकिन उनका तबादला राजेपुर ब्लॉक के डाकघर में हो गया। किसी अन्य कर्मचारी की आधार का काम करने के लिए आईडी नहीं बनी है।