फर्रुखाबाद। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता नगरीय के भोलेपुर स्थित कार्यालय में मेज पर पाउडर फेंकने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया। फाॅरेंसिक टीम ने जांच के लिए पाउडर का नमूना लिया है।
भोलेपुर स्थित विद्युत वितरण खंड नगरीय के अधिशासी अभियंता के कार्यालय में उनकी मेज पर शनिवार दोपहर युवक पाउडर फेंककर भाग गया था। सीसीटीवी फुटेज देखकर उसकी पहचान कर ली गई। इस पर अधिशासी अभियंता बृजभान सिंह ने मामले की सिटी मजिस्ट्रेट को जानकारी दी और फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी थी। इसमें कहा कि शहर के मोहल्ला राजीव नगर निवासी मनीष यादव मूलरूप से नवाबगंज क्षेत्र के गांव हरदुआ का निवासी है। उसने शनिवार दोपहर उनके कक्ष में हानिकारक पाउडर फेंका है। इससे उन्हें आशंका है कि युवक ने उन्हें जानमाल का नुकसान पहुंचाने या कर्मचारियों को बेहोश कर बिजली बिल राहत योजना के तहत जमा होने वाला कैश लूटने की साजिश की है। फतेहगढ़ कोतवाल रणविजय सिंह ने बताया कि मनीष यादव के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया गया। पाउडर का नमूना लिया है। इसकी फाॅरेंसिक लैब में जांच कराई जाएगी।