कायमगंज। शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव नवीनगर निवासी रूपक सिंह की 28 जून की सुबह रोडवेज बस की टक्कर से मौत हो गई। मृतक के चाचा की ओर से बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रूपक सिंह लगभग दो माह से कायमगंज-फर्रुखाबाद रोड पर कुबेरपुर गांव के गंगवार ढाबा पर काम कर रहा था। 28 जून की तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच वह शौच के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान कायमगंज की ओर से फर्रुखाबाद जा रही रोडवेज बस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक बस लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना ढाबा स्वामी रिशू गंगवार ने मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के चाचा अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अंतिम संस्कार में व्यस्त रहने के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। बुधवार को उन्होंने कोतवाली कायमगंज में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।