फोटो-26, कादरीगेट थाने पर पहुंचे संगठन पदाधिकारियों की भीड़।संवाद
फर्रुखाबाद। मां की दवा लेकर घर जा रहे अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन के प्रदेश सचिव के पारिवारिक भतीजे को पुलिस ने चौकी में बंद कर पीट दिया।
सूचना पर पदाधिकारियों ने थाने का घेराव किया। प्रभारी निरीक्षक ने समझा बुझाकर शांत किया। संगठन के जिलाध्यक्ष ने दरोगा और सिपाहियों पर युवक को जूते से मारने का आरोप लगाया।
कादरीगेट थाने के मोहल्ला बढ़पुर निवासी तरुण कटियार (27) बृहस्पतिवार शाम शहर से मां की दवा लेकर घर जा रहा था। दशहरा मेले के चलते रोडवेज बस अड्डे पर लगे बैरियर पर पुलिस ने उसे रोक लिया और आठ बजे बैरियर खुलने की बात कही। इस दौरान तरुण बाइक किनारे खड़ी कर आठ बजने का इंतजार करने लगा।
आरोप है कि एक सिपाही ने वहां से तुरंत भागने पर पिटाई शुरू कर दी। बाद में सिपाही तरुण को चौकी में ले गए और बेल्टों से पीटा। इसके उसे थाने ले जाकर शांतिभंग में चालान कर दिया।
पारिवारिक भतीजे से अभद्रता की सूचना पर अपराध नियंत्रण संगठन के प्रदेश सचिव संजय कटियार, प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम सुंदर, जिलाध्यक्ष गौरव कुमार यादव, नगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता समेत करीब 50 कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर पुलिस कार्रवाई को गलत बताया।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि तरुण को थाने ले जाते समय जूते से पीटा। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक नो एंट्री में जबरन जाने की जिद कर रहा था। उसने अभद्रता की तो शांतिभंग की कार्रवाई कर दी। जूतों से मारने का आरोप गलत है।