शादी से चार दिन पहले युवती का शव गांव के पास बाग में आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही आत्महत्या की वजह बताई है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला दलजीत निवासी गुडू्डू सक्सेना की 21 वर्षीय पुत्री शिवानी अपनी बड़ी बहन सपना के साथ बुधवार रात को घर में सो रही थी।
सुबह चार बजे जब सपना उठी तो शिवानी दिखाई नहीं दी। उसने परिजनों को जानकारी दी। परिजन शिवानी को ढूंढने लगे। सपना गांव के बाहर बाग की तरफ़ गई। वहां उसने गांव के भानु राठौर के बाग में आम के पेड़ पर दुपट्टे के फंदे से शिवानी का शव लटका देखा।
जानकारी होने पर परिजन व अन्य ग्रामीण पहुंच गए। इससे वहां कोहराम मच गया। परिजनों ने शव को फंदे से उतार लिया। सूचना पर एसआई मोहित मिश्रा मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस पर एसआई ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। गुड्डू सक्सेना के तीन बेटे तथा तीन बेटियां हैं।
इनमें शिवानी तीसरे नंबर की थी। शिवानी की शादी दिल्ली में तय हो चुकी थी। 14 मार्च को शादी होनी थी। पिता व भाई मजदूरी करते हैं।