कायमगंज मुख्य चौराहा पर भाजपा नेता विकास शर्मा को लड्डू खिलाते भाजपाई।
- फोटो : FARRUKHABAD
जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए राज्यसभा में संशोधन बिल पेश होते ही नगर के भाजपा कार्यकर्ताओं व हिंदू संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई। कई जगह भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं व हिंदू संगठनों ने जश्न मनाया। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया व आतिशबाजी छुड़ाई। जश्न में डूबे नारे लगाए ‘जहां बलिदान हुए मुखर्जी वो कश्मीर हमारा है’।
मोदी सरकार ने कश्मीर के मामले में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए बड़ा फैसला लिया। इसमें गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को राज्यसभा में धारा 370 में संशोधन बिल पेश कर दिया। संशोधन में लद्दाख व कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाने को कहा गया है। इसकी खबर फैलते ही भाजपा नेताओं व हिंदू संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई।
हिंदू जागरण मंच के विभागाध्यक्ष प्रदीप सक्सेना संगठन के पदाधिकारियों व बैंड बाजे के साथ नगर के मुख्य चौराहे पर पहुंच गए। वहीं भाजपा नेता डॉ. विकास शर्मा भी पहुंच गए। सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। हाथ में तिरंगा लेकर जश्न में शामिल लोग खुशी से झूमते रहे। कार्यकर्ता बैंड बाजों की धुन पर थिरक रहे थे।
वहीं भाजपा नेता व कार्यकर्ता गल्ला मंडी चौराहे पर इकट्ठा हुए। झूमते हुए आतिशबाजी चलाई। एक दूसरे को मिठाई बांटी। यहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कहा कि जहां बलिदान हुए मुखर्जी वह सारा का सारा कश्मीर हमारा है।
इस मौके पर ओम कारेश्वर पाठक, मनोज गंगवार, देवेंद्र दुबे, अरुण, अनुराधा दुबे, अरुण सक्सेना, नितिन गुप्ता, शिवम पाठक, शोभित दीक्षित, सागर, राहुल भारद्वाज, आलोक कौशल, सभासद मसूद खान आदि मौजूद रहे।