कायमगंज। मंगलवार देर रात पितौरा से नरसिंहपुर जाने वाले मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें एक शातिर अपराधी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
एएसपी डॉ. संजय सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान तेज स्पीड से आ रही बाइक को रोकने का इशारा किया। इस पर बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश सिकंदर निवासी करहल, जनपद मैनपुरी घायल हो गया। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, छह हजार रुपये नकद, एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, सिकंदर पूर्व में कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में 50,000 रुपये की चोरी की वारदात में भी शामिल रहा है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग मिश्रा व चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह अन्य फोर्स के साथ शामिल रहे।