फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: कंपिल से नैमिषारण्य तक बनेगा पर्यटन कॉरिडोर

विज्ञापन
विज्ञापन
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। जिले की सीमा से महज डेढ़ किलोमीटर दूर प्रस्तावित कन्नौज का चियासर घाट पुल बनने से लोगों को आवागमन में बड़ा फायदा होगा। हरदोई जाने के लिए गंगा में दो-दो पुल सुलभ होंगे। कमालगंज के पुल से चियासर घाट पुल महज नौ किलोमीटर दूरी पर बनेगा। खास बात यह कि जिले का पर्यटन कॉरिडोर जैन तीर्थस्थली कंपिल से शुरू होकर हरदोई होते हुए सीतापुर के नैमिषारण्य धाम से सीधे जुड़ जाएगा। इससे पर्यटन के क्षितिज पर जिले की संभावनाओं को पंख लग सकेंगे।
विज्ञापन


जिले की पौराणिक नगरी तीर्थस्थली श्रृंगीरामपुर सप्तऋषि क्षेत्र के रूप में विख्यात है। सप्त ऋषियों में कन्नौज जिले का च्यवन ऋषि आश्रम भी शामिल है। श्रृंगीरामपुर से पांच किलोमीटर दूरी पर चियासर का च्यवन ऋषि आश्रम स्थित है। चियासर घाट पर गंगा नदी पुल बनाए जाने के लिए सर्वे हो चुका है। मिट्टी जांच के लिए नमूना भी भेजा जा चुका है। यह पुल बना तो कन्नौज जिले के साथ ही फर्रुखाबाद के लिए भी बड़ी सौगात होगी। श्रृंगीरामपुर के पास स्थित कन्नौज सीमा पर जिले की ग्राम पंचायत शेरपुर सराय के गांव रामनगर से चियासर की दूरी केवल एक किलोमीटर व गंगा का चियासर घाट डेढ़ किलोमीटर है। कमालगंज में भटपुरा के पास हरदोई मार्ग पर निर्माणाधीन पुल से करीब नौ किलोमीटर दूरी पर चियासर घाट का पुल बनेगा। इस तरह लोगों को हरदोई जाने के लिए कमालगंज और चियासर घाट दोनों पुलों का लाभ मिल सकेगा। (संवाद)

श्रृंगीरामपुर से नैमिषारण्य तक कॉरिडोर

जैन तीर्थस्थली कंपिल से नवाबगंज होते हुए पखना चौराहा आकर बौद्ध तीर्थस्थल संकिसा व सनातन तीर्थनगरी नीबकरोरी धाम का रास्ता है। यही रास्ता मोहम्दाबाद, ताजपुर, उधरनपुर, रजीपुर होकर श्रृंगीऋषि की तपस्थली श्रृंगीरामपुर होते हुए संयोगिता मार्ग चियासर पहुंचता है। चियासर घाट पुल से हरदोई और फिर नैमिषारण्य धाम तक पर्यटन कॉरिडोर मूर्त रूप ले सकेगा। नीबकरोरी व मुरान गांव के बीच गंगा एक्सप्रेसवे लिंक रोड से भी यह कॉरिडोर जुड़ सकेगा। वहीं, मोहम्मदाबाद नवोदय विद्यालय, जहानगंज, कमालगंज कस्बा होते हुए भटपुरा के पास बन रहे पुल से भी हरदोई और नैमिषारण्य धाम जाया जा सकेगा। भटपुरा के पास की सेतु परियोजना का कार्य इस साल के अंत में पूरा किए जाने की तैयारी है। इसके बाद चियासर घाट पुल तैयार हुआ तो लोगों को दोहरा लाभ मिल सकेगा। गंगा पर पुल बन जाने से फर्रुखाबाद पंचालघाट हुल्लापुर चौराहा होकर जाने की समस्या से छुटकारा मिलेगा और 50 किलोमीटर से अधिक की दूरी घट जाएगी। विकास के नए द्वार खुलेंगे। हरदोई-सीतापुर से रोटी-बेटी का नाता और मजबूत होगा।सेतु निर्माण निगम फर्रुखाबाद इकाई के सहायक अभियंता वीरेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी ने बताया कि चियासर घाट पुल के लिए सर्वे कार्य व मिट्टी के नमूनों का परीक्षण हो चुका है। स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। कमालगंज के पुल से चियासर के पुल की दूरी गंगा की धारा के हिसाब से करीब 9-10 किलोमीटर है। चियासर घाट पुल की लंबाई भी लगभग दो किलोमीटर रह सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें