- नवोदय विद्यालय के कक्षा 11 के विद्यार्थियों को तैयारी में आ रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद स्थित नवोदय विद्यालय में कक्षा 11 के 73 विद्यार्थियों को दिए गए टैबलेट प्रधानाचार्य ने वापस ले लिए हैं। इससे वहां विद्यार्थियों को तैयारी में दिक्कत आ रही है। अब उनके अभिभावक टैबलेट खरीदने को मजबूर हो रहे हैं।
विभाग ने करीब छह वर्ष पूर्व टैबलेट खरीद कर जवाहर नवोदय विद्यालय मोहम्मदाबाद में भेजे थे। यह टैबलेट विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बिना सिम के दिए गए थे। वाइफाई से कनेक्ट कर इस पर शिक्षा संबंधी सामग्री डाउनलोड करते थे। अन्य किसी प्रकार के उपयोग पर रोक लगी थी। विद्यार्थी उनका उपयोग कर रहे थे। एक माह पूर्व किसी एक विद्यार्थी ने नियमों को तोड़ते हुए टैबलेट का गलत उपयोग किया। इसकी शिकायत होने पर विद्यालय ने सभी 73 विद्यार्थियों के टैबलेट जमा करा लिए।
प्रधानाचार्य राकेश बाबू ने बताया कि विद्यालय के कक्षा में एडवांस टेक्नोलॉजी के स्मार्ट बोर्ड लगे हैं। इस लिए अब छात्रों को पढ़ाई के लिए टैबलेट की जरूरत ही नहीं है। अभिभावकों ने लिखकर दिया था कि उनके बच्चे टैबलेट का गलत उपयोग नहीं करेंगे तब उन्हें हास्टल में ले जाने की अनुमति दी गई थी। एक विद्यार्थी ने उसका गलत इस्तेमाल किया इसकी जानकारी पर वापस लिए गए हैं। यदि कोई अभिभावक अपने बच्चे को टैबलेट या स्मार्ट फोन खरीद कर देता है तो उसे हास्टल में रखने की अनुमति नहीं है।