कायमगंज। आलू, सरसों और गेहूं की बोआई के लिए डीएपी की किल्लत के बीच किसानों को महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है। किसानों ने सहकारी समिति दक्षिणी पर निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूलने और डीएपी के साथ पोटाश का पैकेट देने का आरोप लगाया है।
बुधवार को सहकारी समिति दक्षिणी पर खाद वितरण के दौरान किसानों की भीड़ लगी रही। कर्मचारी आनंद कुमार खाद बांट रहे थे। खाद लेने पहुंचे गांव अलाददपुर निवासी मनोज कुमार ने बताया कि 1350 रुपये की डीएपी की बोरी 1370 रुपये में दी जा रही है। इसके साथ पोटाश का एक पैकेट भी दिया जा रहा है। गांव दारापुर निवासी रामसिंह ने बताया कि डीएपी के साथ 2100 रुपये कीमत का पोटाश का पैकेट दिया जा रहा है। किसानों को एक हेक्टेयर के हिसाब से किसी को पांच तो किसी को दो बोरी खाद दी जा रही है।
उधर, इफको केंद्र पर दो दिन से डीएपी का स्टॉक खत्म है। ऐसे में किसान मजबूरी में महंगे दाम पर एनपीके खरीदकर ले जा रहे हैं।
सहकारी समिति के सचिव रोहित राज ने किसानों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि पोटाश किसानों की मर्जी से दी जा रही है। खाद की निर्धारित कीमत से अधिक वसूली नहीं की जा रही है।