दुकानदारों और पुलिस में चला लुकाछिपी का खेल
फर्रुखाबाद। लॉकडाउन के चौथे दिन मंगलवार को दुकानदारों और पुलिस में लुकाछिपी का दौर रहा। पुलिस की गाड़ी आती दिखी तो शटर बंद हो गए और जाते ही खुल गए। मुख्यमार्गों पर भी लोगों की चहल-पहल दिखी। पुलिस ने लिंजीगंज में डंडे भी फटकारे।
शासन ने लॉकडाउन को गुरुवार सुबह सात बजे तक के लिए बढ़ा दिया है। मंगलवार को सुबह नौ बजे से ही लिंजीगंज, मन्नीगंज और ग्राटगंज की दुकान खुल गईं। इसकी जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस ने दुकान बंद करने को कहा। इस पर कुछ दुकानें बंद हुई, लेकिन पुलिस गई तो तमाम दुकानें खुल गईं।
इसके बावजूद दुकानदारों ने शटर खोले रखे। दिन भर पुलिस और दुकानदारों में लुकाछिपी का दौर चलता रहा। इसके अलावा लोहाई रोड, नेहरू रोड, रेलवे रोड, किराना बाजार, बीबीगंज आदि में दुकाने बंद रहीं। हालांकि बड़ी संख्या में लोग बाइक, पैदल और बाइकों से घूमते दिखे।