फर्रुखाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की दो दिन से चल रही मतगणना पूरी न होने से जिला पंचायत सदस्य पद का एक प्रत्याशी भी सोमवार देर रात तक विजयी घोषित नहीं हो सका। वहीं मतगणना स्थलों से आए रुझानों के अनुसार सपा छह सीटों पर, जबकि भाजपा दो सीटों पर आगे है। राजेपुर ब्लॉक में कोई भी दलीय प्रत्याशी बढ़त नहीं बना सका।
जनपद में जिला पंचायत सदस्य के 30 पदों पर 510 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा व बसपा ने सभी सीटों पर समर्थन देकर प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाया। वहीं कांग्रेस ने 16 व सपा 25 सीटों पर अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ा रही है। दो मई से शुरू हुई मतगणना सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रही। रात 9.30 बजे तक एक भी वार्ड का परिणाम घोषित नहीं किया जा सका। हालांकि मतगणना स्थलों से आए रुझानों के अनुसार चक्रवार मत जोड़कर प्रत्याशी ही अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।
बढ़पुर ब्लॉक की तीन सीटों में से एक वार्ड में जबकि कायमगंज ब्लॉक की पांच सीटों में से एक पर भाजपा बढ़त बनाए रही। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ब्लॉक नवाबगंज की तीन सीटों में से दो, कमालगंज की छह सीटों में से दो व मोहम्मदाबाद की पांच सीटों में से एक पर आगे चलती रही। ब्लॉक राजेपुर की चार व शमसाबाद की चार सीटों पर कोई दलीय प्रत्याशी बढ़त नहीं बना सका।
यहां निर्दलीय प्रत्याशी सभी पर भारी रहे। देर रात तक परिणाम घोषित न किए जाने से जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी व समर्थक व्यवस्था पर अंगुली उठाते हुए तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे। निर्वाचन अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने बताया कि ब्लॉकों से पूरी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही परिणाम घोषित कर विजेता प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।