मकान में लगी आग को बुझाते फायरब्रिगेड कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
शमसाबाद। चूल्हे पर खाना बनाते समय निकली चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। इस आग ने तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस आग में लाखों की नगदी और जेवर जल गए। आग की लपटों से वृद्ध समेत दो लोग झुलस गए। इन्हें लोहिया अस्पताल भेजा गया।
थाना क्षेत्र के गांव हैवतपुर गढ़िया निवासी रामकिशोर के घर पर बुधवार की दोपहर पत्नी जसोदा खाना बना रही थीं। इस दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी छप्पर में जा गिरी और आग लग गई। आग लगी देख रामकिशोर की बेटी उर्मिला पशुओं को खोलने लगी, तभी आग से झुलस गई।
रामकिशोर अपने वृद्ध पिता को बाहर निकालते समय झुलस गए। आग ने पास में रह रहे भाई सुरेशचंद्र और पड़ोसी मुंशीलाल के छप्पर को भी चपेट में ले लिया। छप्पर में आग लगने के बाद इनके मकानों में भी आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने काफी समय बाद आग पर काबू पाया।
रामकिशोर ने बताया कि उनके 50 हजार रुपये, घरेलू सामान, और दो बकरियां जल कर मर गईं। सुरेशचंद्र ने बताया कि उनका घरेलू सामान और अनाज राख हो गया। उसकी बेटी ससुराल से आई थी। उसके एक लाख के जेवर और 33 हजार रुपये जल गए। मुंशीलाल ने बताया कि उसके बेटे राजू की बारात गुरुवार को पंजाब जाने वाली है। उसके पास रखे 45 हजार रुपये और तिलक में मिले 40 हजार रुपये जल गए। इसके अलावा घर के बाहर रखी एक लाख की तंबाकू जल कर राख हो गई।