मोहम्मदाबाद। कुम्हौली काली नदी पुल के पास लाल कपड़े में बंधा शव देर शाम मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची कन्नौज और स्थानीय थाना पुलिस ने सीमा विवाद के चलते देर रात तक शव बरामद नहीं किया है।
शनिवार देर शाम काली नदी के कुम्हौली स्थित पुल पर कुछ युवकों ने कन्नौज जिले की तरफ किनारे एक कपड़े में बंधा शव पड़ा देखा। इसकी सूचना जिला कन्नौज थाना गुरसहायगंज की चौकी कुवंरपुर खंडौली और स्थानीय थाना पुलिस को दी गई। दोनों जिलों की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के मुताबिक शव कन्नौज की ओर नदी के किनारे पड़ा हुआ है।
कन्नौज जिले की पुलिस वह स्थान फर्रुखाबाद का बता रही है। देर रात तक शव मौके पर ही पड़ा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि उन्होंने मौके का निरीक्षण किया है। बातचीत चल रही है। शीघ्र ही सीमा विवाद सुलटाकर शव बरामद किया जाएगा।