फर्रुखाबाद। केबल बक्सा खराब होने से जसमई उपकेंद्र लगभग पांच घंटे बंद रहा। कड़ी मशक्कत के बाद बिजली कर्मचारियों ने केबल बक्सा ठीक कर उपकेंद्र चालू किया।
सोमवार को सुबह करीब 11.25 बजे 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन हो गई। इससे जसमई उपकेंद्र बंद हो गया। जानकारी मिलने पर जेई मासूम अली अंसारी ने बताया कि ढिलावल क्रॉसिंग के पास केबल बक्से में फॉल्ट मिला।
शाम करीब 4.20 बजे जसमई उपकेंद्र चालू किया जा सका। इस दौरान 12 से ज्यादा मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बक्सा ठीक कराकर जसमई उपकेंद्र से आपूर्ति चालू करवा दी गई है।
वहीं, विभागीय अधिकारियों ने बिजली बकायेदारों से वसूली तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कैंप लगाकर वसूली अभियान चलाया जाए। एक्सईएन शहरी बृजभान सिंह ने मातहतों को निर्देशित किया कि राजस्व की कम वसूली को देखते हुए इसमें तेजी लाई जाए। मोहल्लों में जाकर कैंप लगाएं। बकाया बिल भी जमा कराएं। (संवाद)