फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद सीवरेज योजना का प्रस्ताव नए सिरे से दुरुस्त हुआ है। इसमें इसकी लागत भी बढ़ गई है। प्रस्तावित बजट में 31 लाख का इजाफा हुआ है। अब 400 करोड़ से सीवर लाइन पडे़गी। जल निगम ने पहले 369 करोड़ का प्रस्ताव बनाया था।
फर्रुखाबाद व फतेहगढ़ में सीवर लाइन डाली जाएगी। मई महीने में जल निगम ने यह प्रस्ताव कानपुर कार्यालय को बनाकर भेजा था। वहां से आपत्तियों के साथ प्रस्ताव को वापस कर दिया गया। चीफ इंजीनियर ने सारांश, नए जंक्शन व डिजाइन दुरुस्त करने के साथ ही प्रस्ताव भेज दिया। कार्यालय ने इन खामियों को पूरा कर लिया है। इसके साथ ही लागत भी बढ़ गई है। सहायक अभियंता अवनीश सिंह ने बताया कि अब नए सिरे से इसे क ानपुर कार्यालय को भेजा जाएगा।
नेशनल गंगा रिवर बेसिन अथारिटी ने जल निगम से सीवर योजना का प्रस्ताव मांगा था। इसके तहत फर्रुखाबाद व फतेहगढ़ में 160 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन पड़ेगी। यह सारी गलियों से गुजरेगी। दोनों शहरों में एक एक ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाना है। दो मुख्य पंपिग स्टेशन व दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे।
इस परियोजना में केंद्र सरकार 70 फीसदी रकम देगी। 30 फीसदी रकम राज्य सरकार लगाएगी। राज्य सरकार के हरी झंडी देने के बाद यह स्वीकृत होने के लिए केंद्र सरकार के पास जाएगी। योजना पूरी होने के बाद दोनाें युग्म नगरों की करीब 2 लाख 76 हजार की आबादी को फायदा मिलेगा। गंगा में गिर रहे गंदे पानी से भी निजात मिलेगी। नाले व नालियों की गंदगी की समस्या भी खत्म हो जाएगी। योजना का काम विभाग के हवाले रहेगा।