फर्रुखाबाद। शहर के चीनीग्राम स्कूल में फर्जी वोटिंग को लेकर सपा नगर अध्यक्ष और सभासद प्रत्याशी के पति के बीच जमकर नोकझोंक हुई। मामला गरमाते ही सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी मौके पर पहुंच गए। सीओ ने दारोगा को वहां से हटाकर दूसरे बूथ पर भेज दिया। इसके साथ एजेंट बने सपा नगर अध्यक्ष को जमकर लताड़ लगाते हुए वहां से भगा दिया। भीड़ को तितर-बितर करने के दौरान किसी अराजकतत्व ने एक ईंट फेंक दी। यह देख पीएसी जवानों ने असलहे तान लिए।
चीनीग्राम स्कूल में बने बूथ पर सपा नगर अध्यक्ष महताब खां सभासद प्रत्याशी गुलताज बेगम के एजेंट बने थे। वहीं ताहिर खां की पत्नी फरीदा बेगम इस वार्ड से प्रत्याशी हैं। सुबह से ही सपा नगर अध्यक्ष और ताहिर खां के बीच एक-दूसरे पर फर्जी वोटिंग को लेकर तनातनी चल रही थी। दोनों पक्षों ने अफसरों को कई बार फोन किए और पुलिस के अफसर मौके पर भी पहुंचे और समझाकर लौट गए। दोपहर करीब 1 बजे सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी स्कूल पहुंचे तो पुलिस ने सपा नगर अध्यक्ष को एजेंट बना देख सिटी मजिस्ट्रेट ने उन्हें वहां से हटा दिया। इसी दौरान ताहिर भी आ गए और उन्होंने प्रशासन पर सपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। यह सुनकर सिटी मजिस्ट्रेट ने ताहिर से कहा कि वह किसी के दबाव में काम नहीं कर रहे हैं। नियमानुसार काम हो रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट ने उन्हें वहां से हटा दिया और कहा कि दोबारा इधर दिखाई दिए तो कार्रवाई कर दी जाएगी। पुलिस ने जब स्कूल के पूर्व दिशा की ओर बनी गली में भीड़ देखी तो लाठियां फटकारकर खदेड़ा। इस दौरान एक अराजकतत्व ने मकान से ईंट चला दी। हालांकि यह ईंट किसी के नहीं लगी। जब पीएसी के जवानों ने ईंट देखी तो वह लोग सतर्क हो गए और असलहे तान लिए। पुलिस ने मोहल्लेवासियों से कहा कि वह किसी प्रकार का बवाल न करें। अगर बवाल हुआ तो किसी के लिए अच्छा नहीं होगा। लापरवाही को देखते हुए सीओ सिटी ने दारोगा दलजीत सिंह को उस बूथ से हटाकर रकाबगंज बूथ पर भेज दिया, जबकि वहां से आरएस यादव को बुलाकर यहां तैनात कर दिया। वहीं कुछ वोटरों ने पुलिस से कहा कि फर्जी मतदान के साथ ही मतदान कर्मी स्याही नहीं लगा रहे हैं और न ही आईडी देख रहे हैं।