फर्रुखाबाद। साइकोमैट्रिक टेस्ट के बाद बच्चों को उनके कैरियर की डगर के बारे में बताया गया। उनकी काउंसलिंग के साथ ही अभिभावकों को भी बेटों व बेटियों के कैरियर की डगर आसान करने के टिप्स दिए गए। बच्चों की खामियों को दूर करने के तरीके भी बताए गए। यह काउंसलिंग जसराम आडीटोरियम में हुई।
आर्मी पब्लिक स्कूल के कक्षा 12 में पढ़ने वाले बच्चों में उनके कैरियर को लेकर छ़ुपी प्रतिभा को सामने लाने के लिए 17 व 18 अप्रैल को सत्तावा इड्यूसिस संस्था के काउंसलरों ने साइकोमैट्रिक टेस्ट लिया था। इसमें 87 बच्चों ने शिरकत की थी। साइकोमैट्रिक टेस्ट लेने वाली संस्था के काउंसलरों ने शनिवार को बच्चों को टेस्ट रिपोर्ट दी। क्षमता व रूझान के मुताबिक तय किए गए कैरियर के बारे में उनकी काउंसलिंग की गई। व्यक्तिगत विकास में सामने आई खामियों को सुधारने के बारे में भी बताया गया। इसके बाद बच्चों के अभिभावकों की काउंसलिंग की गई। काउंसलर डा. इतिश्री ने विज्ञान , वाणिज्य, कला संकाय के के विषय में बताया। डा. अनुभूति ने कहा कि हर बच्चे में अलग प्रतिभा होती है। उस पर अपनी इच्छा नहीं थोपनी चाहिए। प्रधानाचार्या अंजू राजे ने कहा कि चेयरमैन बिग्रेडियर देवराज अंबू के सहयोग से काउंसलिंग का पहला प्रयास किया गया है। इस मौके पर मदन मोहन कटियार, अरविंद कुमार मिश्रा, एनडी प्रसाद, अक्षय श्रीवास्तव, उमेश चंद्र जोशी, महेश उपाध्याय, इति उपाध्याय व सर्वेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।