कायमगंज। जिराऊ गांव में गैंगरेप के बाद किशोरी की लाश फूंकने के मामले में पुलिस ने एसपी के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं मृतका के पिता सुग्रीव व उसकी पत्नी मीना ने जब आज अपनी पुत्री का बक्सा खोला तो उसके कपडे़ व अन्य सामान देख कर फफक पड़ी। मां का आरोप है कि आरोपी लगातार समझौते का दबाब बनाकर धमकी दे रहे है।
जिराऊ में किशोरी साधना की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने आज मृतका का मां की तहरीर पर एसपी के आदेश पर गांव के नीटू, अंकित, गोपाल, हरिओम, मनोज, धीरज के खिलाफ धारा 147, 376, 302, 201, 323, 506 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इधर सीओ वाईपी सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ जिराऊ गांव में छापा मारा। लेकिन आरोपी नहीं मिले। सीओ ने बताया कि वह मामले की जांच कर रहे हैं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उधर, एसपी से शिकायत करने के बाद शुक्रवार की शाम मृतका के माता-पिता गांव पहुंचे। मृतका की मां ने पुत्री का बक्सा खोला तो उसके कपडे़, रुपए व अन्य सामान देखकर तेज आवाज में रोने लगी। इस पर मृतका की मौसी प्रमोद कुमारी ने बक्सा बंद कर दिया और बहन मीना को कमरे से बाहर ले आई। मृतका की मां मीना देवी का कहना है कि एक तो दरिंदों ने उसकी बेटी की आबरू लूटकर मार दिया और अब समझौता करना चाहते है। इतना कहते है मीना देवी फिर फफक कर रो पड़ी। पति सुग्रीव ने उसे ढांढस बधाया तो मीना ने अपनी धोती से आंसू पोछे और फिर अपने पति से बोली कि हमें न्याय चाहिए। सुग्रीव का कहना है कि मामले में पुलिस की भूमिका ठीक नहीं रही। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद है और वह कहते घूम रहे है कि पुलिस तो उनकी है जो वह कहेगें वह करेगी। आरोपी समझौता करने के लिए दबाव बनाने के साथ धमकी भी दे रहे हैं। उसका कहना है कि एसपी साहब से शिकायत की है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह न्याय दिलाएंगे।