मेरापुर (फर्रुखाबाद)। खचाखच सवारियों से भरा टेंपो हमीरखेड़ा के पास अनियंत्रित होकर पलटने से महिला बच्चों समेत 12 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने टेंपो के नीचे दबीं सवारियों को निकाला और थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को सरायअगहत के प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया और टेंपो कब्जे में लेकर थाने ले गई। सभी सवारियां नयागांव में शादी समारोह से शामिल होकर लौट रही थीं।
थाना क्षेत्र के गांव नया गांव निवासी श्रीदयाल की पुत्री की शादी 1 मई को थी। शादी में शामिल होने के लिए उसके यहां रिश्तेदार आए थे। शुक्रवार को रिश्तेदार सरायअगहत से टेंपो पर सवार होकर पखना जा रहे थे। गांव सिढ़ौली निवासी इंद्रपाल का पुत्र रिंकू (16) टेंपो चला रहा था। जब यह टेंपो हमीरखेड़ा गांव के पास से तेज रफ्तार से गुजर रहा था, तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और टेंपो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। टेंपो पलटते ही सवार महिलाओं, पुरूषों और बच्चों की चीखपुकार मच गई। दुर्घटना होते देख चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने टेंपो के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला और मेरापुर थाना पुलिस को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही एसओ अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और टेंपो कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घायलों को सरायअगहत स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया। इस दुर्घटना में हरीशंकर (65), उनकी पत्नी जमुना देवी (61), पुत्री निर्मला (26) निवासी गांव टिकरई थाना कुर्रा जिला मैनपुरी, दिनेश, उसकी पुत्री रूचि (10) निवासी गांव औग थाना एलाऊ जिला मैनपुरी, संदीप, संदीप पुत्र झुन्नूलाल, उसकी पत्नी उर्मिला देवी निवासी उझियानी थाना सैफई जिला इटावा, पेशकार, लक्ष्मी (25), ईसू (5) निवासी गढ़ी रामपुर थाना भिड़ौर जिला आगरा और रामनिवास उर्फ तोताराम निवासी मेरापुर घायल हो गए। एसओ ने बताया कि तहरीर मिलने पर टेंपो चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।