कंपिल। खाद की दुकानों से छापेमारी कर लौटते समय एसडीएम कायमगंज ने ट्रैक्टर-ट्राली पर लदे सरकारी राशन को पकड़ लिया। राशन कम लदा होने पर उन्होंने ट्रैक्टर-ट्राली थाने में खड़ी करवाकर कोटेदार पुत्र और चालक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
गांव रौकरी से खाद व बीज गोदामों पर छापेमारी कर लौट रहे एसडीएम बीडी वर्मा को सिवारा रोड पर ट्रैक्टर-ट्राली पर गेहूं, चावल और चीनी के बोरे लदे दिखे। उन्होंने चालक से ट्रैक्टर-ट्राली रुकवा ली। ट्रैक्टर पर बैठे कोटेदार पुत्र से उन्होंने राशन के बारे में पूछा तो उसने बताया वह कायमगंज गोदाम से राशन का उठान करके ले जा रहा है। कोटेदार के पुत्र ने बताया करीब 40 क्विंटल गेहूं, साढ़े चार क्विंटल चीनी और करीब 41 क्विंटल चावल लेकर जा रहा है। एसडीएम ने मौके पर सप्लाई इंस्पेक्टर प्रशांत कटियार को बुलाया और राशन चेक करने को कहा। इस दौरान सप्लाई इंस्पेक्टर को मौके पर करीब 30 क्विंटल गेहूं, करीब 21 क्विंटल चावल व करीब ढाई क्विंटल चीनी ट्रैक्टर-ट्राली पर लदी मिली। एसडीएम ने चालक अहिबरन व कोटेदार शंकरलाल के पुत्र धर्मेंद्र कुमार को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में ले ली। सप्लाई इंस्पेक्टर प्रशांत कटियार ने बताया एसडीएम के आदेश पर कार्रवाई की जाएगी।