कंपिल/फर्रुखाबाद। मारपीट के मामले मे एनसीआर दर्ज होने के बाद हमलावरों ने समझौता के लिए पीड़ित पर दबाव डाला। समझौता न करने पर घर में घुसकर दंपति को पीट दिया। पीड़ित ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है।
बीते दिन पुरानी रंजिश के चलते थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर पलनापुर निवासी इरफान को गांव के ही राजेंद्र ने साथियों के साथ मिलकर पीट दिया था। इरफान ने राजेंद्र आदि के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई थी। इरफान के मुताबिक रविवार को वह घर पर था। तभी राजेंद्र आए और समझौते के लिए दबाव बनाया। उन्होंने समझौते से इनकार किया तो हमलावरों ने उन्हें और उनकी पत्नी सायरा बानो को लाठीडंडों से पीट दिया। इरफान ने राजेंद्र, नरायन कुमार, कल्लू और नटिया के खिलाफ तहरीर दी है।
मोहम्मदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव नीबकरोरी निवासी रवि गुप्ता की कार गांव नगला मिड़ई निवासी बग्गड़ यादव चलाता है। रविवार को बग्गड़ नीबकरोरी आ रहा था। रास्ते में नीबकरोरी के नीरज कुमार ने उसे रोक लिया। बातचीत के दौरान नीरज गालीगलौज करने लगा। यह देख रवि गुप्ता भी आ गए। उन्होंने गालियां देने का विरोध किया तो नीरज आदि ने रवि और बग्गड़ को लाठीडंडों से पीट दिया। रवि ने नीरज कुमार, हरिविलास, महेश और नरेश कुमार के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई।
फर्रुखाबाद शहर के मोहल्ला लिंजीगंज निवासी रतन गुप्ता शनिवार की शाम अपने घर पर बैठे थे। इस बीच मोहल्ला कछियाना निवासी प्रमोद कुमार और उसके साथी घर में घुस आए। यह शराब के लिए पैसे मांगने लगे। रतन ने मना कर दिया तो हमलावरों ने इन्हें पीट दिया। आरोपी युवक को जानमाल की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की। पुलिस ने घायल का लोहिया अस्पताल में उपचार करने के बाद प्रमोद, कमलेश, मिढ़ई सिंह के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार गांव गनीपुर निवासी लक्ष्मन दीक्षित ने दीवाली की शाम को गांव के सुभाष को 10 रुपये का सट्टा 20 नंबर पर लगाने के लिए दिया। परवा की सुबह सट्टा नबंर 20 खुल गया। सुभाष सटोरिया से 800 रुपये ले आया लेकिन लक्ष्मन को नहीं दिये। रविवार को लक्ष्मन ने सुभाष से रुपये मांगे। इसको लेकर दोनों में मारपीट होने लगी। दोनों लोगों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।