मोेहम्मदाबाद। खेत पर कब्जे के विवाद में दो गांवों के लोग असलहे लेकर आमने-सामने हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। उसके पास से चार जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नाहरैया में एक खेत है। इसे गांव के ही सत्यपाल सिंह अपना बता रहे हैं। वहीं पड़ोसी गांव बिदाहा के रहने वाले वीरेंद्र सिंह खेत उनका होने का दावा कर रहे हैं। रविवार को सत्यपाल सिंह खेत जोतने के लिए पहुंच गए। इसकी जानकारी पर वीरेंद्र सिंह भी आ गए। इन लोगों में कहासुनी होने लगी। जब यह बात दोनों के गांव पहुंची तो यहां से सैकड़ों लोग असलहे लेकर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर गालीगलौज होने लगा। इस दौरान किसी ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने एक पक्ष से सत्यपाल को हिरासत में ले लिया। उसके पास से पुलिस को चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
कायमगंज।नगर के मोहल्ला रेलवे रोड निवासी अमर सिंह ने मोहल्ले के पप्पू के खिलाफ दर्ज कराई एनसीआर में बताया कि आरोपी ने उसका रिक्शा पलट दिया। मना करने पर मारपीट की। मंसूरनगर निवासी राजकुमार ने पवन पर गाली देने से मना करने पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। इन्हाेंने भी एनसीआर दर्ज कराई।