फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल की तीसरी मंजिल के शौचालय में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और डाक्टरों की टीम ने जांच पड़ताल की। जांच में पता चला कि वृद्ध दो दिन पहले बगैर बताए अस्पताल से चला गया था।
कोतवाली मोहम्मदाबाद के गांव खिमसेपुर निवासी राजेश कुमार (52) 9 अक्तूबर को बीमार होने पर खुद ही भर्ती होने आए थे। उनको टीबी वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। इस बीच वह बगैर बताए चले गए। शनिवार की सुबह सफाई कर्मी टीबी वार्ड के पास स्थित शौचालय की सफाई करने गया। वहां पर अधेड़ का शव देखकर कर्मचारी डर गया। उसने इसकी जानकारी आपातकालीन कक्ष में ड्यूटी कर रहे डा. योगेंद्र सिंह को दी। उन्होंने कार्यवाहक सीएमएस डा. बीबी पुष्कर को सूचना दी। इसकी जानकारी पर सीओ सिटी वाईपी सिंह कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। शव निकाला गया तो उसके हाथ में वीगो लगा मिला। इस पर डाक्टरों ने वार्ड में भर्ती मरीजों की लिस्ट देखी। इसके बाद फिजीशियन डा. अशोक कुमार को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि यह मरीज 16 अक्तूबर को बगैर बताए चला गया था। वह यहां कैसे दोबारा आ गया, इसकी जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोहिया अस्पताल का हाल इससे लगाया जा सकता है कि यहां पर कोई भी मरीज आ जा सकता है। वार्ड स्टाफ मरीजाें की जानकारी करना मुनासिब नहीं समझा।