फर्रुखाबाद। डीएम की गाड़ी रेलवे स्टेशन के पास जाम में फंस जाने पर हड़कंप मच गया। डीएम ने पुलिस कर्मियों को हड़का दिया। इस पर पुलिस ने अतिक्रमण किए दुकानदारों को हटाया। डीएम ने पिकेट सिपाहियों को लाइन हाजिर के निर्देश दिए हैं। एसपी विजय यादव ने बताया कि सिपाहियों पर कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार की सुबह डीएम एनकेएस चौहान रेलवे स्टेशन की ओर से जा रहे थे। उनकी कार फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के बाहर टेंपो और रिक्शा वालों के बीच फंस गई। शहर कोतवाली पुलिस को वायरलेस से इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर रेलवे रोड चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे। डीएम ने यहां सिपाहियों को जमकर हड़काया। डीएम के जाने के बाद पुलिस ने लाठियां फटकार कर टेंपो और रिक्शा चालकाें को खदेड़ दिया। अतिक्रमणकारी दुकानदारों के खोखे भी हटवा दिए गए। इन्हें दुकानदारों ने पुराने रेलवे परिसर में रख लिया। आरपीएफ ने दुकानदारों को वहां से भी हटा दिया। डीएम ने एसपी विजय सिंह यादव को सिपाहियों को लाइन हाजिर के निर्देश दिए। इसके साथ ही फतेहगढ़ के नगलादीना में सड़क पर ट्रक से उतारी जा रही गिट्टी को देखकर फतेहगढ़ पुलिस को ट्रक को कब्जे में लेने के लिए कहा। एसपी ने बताया कि सिपाही ड्यूटी से गायब थे। सिपाहियों से स्पष्टीकरण ले लिया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।