फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में विषय विशेषज्ञ टीचरों(एबीआरसी) को विद्यालयों में जाकर बच्चों को पढ़ाने की नसीहत दी। बीएसए कार्यालय की दीवारों पर गंदगी देख डीएम ने नाराजगी जताई। बीएसए को सफाई पुताई कराए जाने का आदेश दिया है।
जिला बेसिक कार्यालय मेें विषय विशेषज्ञ एबीआरसी की कार्याशाला का आयोजन हुआ। इसमें जिलाधिकारी ने पहुंच कर विषय विशेषज्ञों को परिषदीय विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता सुधार को स्कूलों में जाने और बच्चों को पढ़ाने की नसीहत दी। डीएम ने कहा जो शिक्षक जिस विषय का विशेषज्ञ है, वह उसी विषय को स्कूूल में पढ़ाए। डीएम ने करीब 45 मिनट तक कार्यशाला में दिशा निर्देश दिए। बीएसए योगराज सिंह ने भी इन्हें समय से स्कूल पहुंचने की हिदायत दी। इस मौके पर डीएम ने बीएसए कार्यालय का निरीक्षण किया। डीएम के पहुंचते ही बीएसए कार्यालय की दीवारोें पर चस्पा कागजों को कर्मचारियों ने आनन फानन में छुटाया। डीएम ने खिड़कियों के टूटे शीशे और गंदगी देख नाराजगी जताई। बीएसए को सफाई कराने व कार्यालय की पुताई कराने के निर्देश दिए। कार्याशाला के दौरान डिप्टी बीएसए जगरूप शंखवार, बीईओ बेगीश गोयल, वित्त एवं लेखाधिकारी गजेन्द्र सिंह, जिला समन्वयक प्रशिक्षण एसएन मिश्रा मौजूद रहे।