मोहम्मदाबाद/ फर्रुखाबाद। गैसिंगपुर हवाईपट्टी के पास अज्ञात वाहन ने तीन बाइक सवारों को कुचल दिया। लोहिया अस्पताल में तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम में देर होने से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने जाम सीएमओ कार्यालय के पास जाम लगा दिया। गुस्साई भीड़ ने रोडवेज बस में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने लाठियां फटकारकर जाम खुलवाया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव वीरपुर नादी निवासी आरिफ पुत्र अली मोहसिन, असीम पुत्र अमजद खां और टिंकू पुत्र शमीम खां गुरुवार को बाइक से मोहम्मदाबाद बाजार आए थे। तीनों लोग दोपहर करीब 2.30 बजे घर लौट रहे थे। गैसिंगपुर हवाईपट्टी पचपुलिया के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को लोहिया अस्पताल भिजवाया। यहां डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस बाइक कब्जे में कर कोतवाली ले गई। घटना का पता चलते ही मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। तीनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया गया। पोस्टमार्टम में देर होने से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पेट्रोल पंप के सामने फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग पर शव रख कर जाम लगा दिया। लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान फर्रुखाबाद-दिल्ली रूट पर चलने वाली की रोडवेज बस को चालक ने निकालने का प्रयास किया तो
उग्र भीड़ ने ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे से प्रहार कर बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही बस खाली थी। फतेहगढ़, सदर कोतवाली, मऊदरवाजा, जहानगंज, मोहम्मदाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी वाईपी सिंह और सीओ मोहम्मदाबाद योगेश कुमार भी पहुंच गए। पुलिस की ग्रामीणों से नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकारकर जाम खुलवाया। गुस्साए परिजन तीनों शवों को ट्रैक्टर से लेकर घटनास्थल रवाना हो गए। सेंट्रल जेल पर पुलिस ने फिर ट्रैक्टर रोक लिए। पुलिस ने दबाव डाल कर ग्रामीणों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। एहतियातन पोस्टमार्टम हाउस पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।