फर्रुखाबाद। मतदाताओं को जागरूक करने को सरकारी अभियान के साथ ही विभिन्न संगठन भी संकल्प ले रहे हैं।
वरिष्ठ नागरिक रक्षक समिति की बैठक में तय किया गया कि 2 से 20 अप्रैल तक फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ में घर-घर जाकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया जाएगा। मुख्य महासचिव यदुनंदन गोस्वामी ने कहा कि बुजुर्गों की टोलियां घर-घर जाकर मतदाताओं को वोट देने के लिए प्रेरित करेंगी। संरक्षक सदस्य राममुरारी शुक्ला ने कहा कि समिति प्रचार करने वाली ऐसी टोलियों को सम्मानित भी करेगी, जहां सर्वाधिक मतदान होगा। इस दौरान ओपी दीक्षित ने वनारस की सदस्यता ग्रहण की। बैठक की अध्यक्षता डा. वीडी कटियार ने की। इस अवसर पर लक्ष्मण सिंह, गोपालबाबू पुरवार, चंद्रपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह सोमवंशी, एसके जैमन, दयाशंकर वर्मा, देवसिंह वर्मा, देवीसहाय पालीवाल, जगदीश नरायन कटियार, डा. एसपी कटियार और डा. एसके मिश्रा आदि मौजूद रहे।
उधर, लोहिया अस्पताल प्रशासन ने भी लोगों का मतदान में जागरूक करने के लिए दवा लेने के लिए आ रहे लेागों को पर्चे पर मतदान करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। लोहिया अस्पताल में आने वाले मरीजों भी इसे बड़े ध्यान से पढ़ते देखे गए। कायमगंज संवाददाता के अनुसार विद्या मंदिर महाविद्यालय के एनएसएस टीम के छात्रों ने मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर मतदाताओं को जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्या मंदिर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना एवं कैंपस एंबेसडर के छात्रों ने परीक्षा के बाद मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। छात्रों ने कहा कि वे परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों और युवाओं को शतप्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित करने का अभियान चलाएंगे।