कमालगंज। भाकियू नेता की कार की चपेट में आने से बाइक सवार कपड़ा व्यापारी की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव धीरपुर ज्यौता निवासी प्रवेश कुमार सक्सेना (35) की छिबरामऊ के इब्राहिमगंज में कपड़े की दुकान है। सोमवार करीब चार बजे प्रवेश अपनी पत्नी नीतू के साथ बाइक से छिबरामऊ जा रहे थे। वह जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव महरुपुर खास के पास पहुंचे थे कि छिबरामऊ से फर्रुखाबाद आ रही भाकियू के मंडल सचिव ध्रुव प्रकाश मिश्रा की कार से आमने-सामने टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपति को 108 एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाया। चिकित्सक ने प्रवेश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि पत्नी को भर्ती कर लिया। घटनास्थल पर पहुंचे दरोगा एमपी सिंह ने कार कब्जे में ले लिया। भाकियू के मंडल सचिव ध्रुवप्रकाश मिश्रा ने बताया कि कार उनका चालक लेकर गया था। दुर्घटना के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
एसओ का मोबाइल मिला बंद
कमालगंज। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एसओ एके सिंह के सरकारी मोबाइल पर काल की लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। इस संबंध में सीओ मोहम्मदाबाद योगेश कुमार ने बताया कि सीयूजी नंबर बंद करना अपराध की श्रेणी में आता है। एसओ से जवाब तलब किया जाएगा।