नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। लोडर से कुचलने से बच्चे की मौत हो गई। गुस्साई भीड़ ने लोडर में तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले कर दिया। लोग इतने पर ही शांत नहीं हुए। मोहम्मदाबाद-नवाबगंज मार्ग पर शव रखकर धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक आवागमन ठप रहा। एसडीएम सदर राकेश पटेल के समझाने-बुझाने पर लोग माने।
थाना क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी शुभ सिंह (6) पुत्र नितिन सिंह बुधवार अपराह्न करीब दो बजे गांव के ही कुछ बच्चों के साथ दुकान पर सामान लेने जा रहा था। वह कुछ ही दूर पहुंचा था कि मोहम्मदाबाद की ओर से आ रहे लोडर की चपेट में आकर कुचल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत भागने लगा। जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जुट गए। दौड़ाकर चालक को पकड़ लिया। जमकर पिटाई की। लोडर में लदे जानवर को खोल कर हांक दिया। इसके बाद तोड़फोड़ कर लोडर में आग लगा दी।
ग्रामीणों का गुस्सा इतने से भी शांत नहीं हुआ। बच्चे का शव रखकर मोहम्मदाबाद-नवाबंज मार्ग जाम कर दिया। उनकी मांग थी कि रोड पर तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाया जाए। पुलिस समझाने में असफल रही। शाम करीब चार बजे एसडीएम सदर राकेश कुमार पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिया कि चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्पीड ब्रेकर बनवाने का भी प्रयास किया जाएगा। तब जाकर रास्ता खुला। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोडर चालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस की सूचना पर फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। इस दौरान आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई थी।